लुधियाना. बिजली कटों से हर तरफ बैचेनी है ही, पानी की बूंद-बूंद को भी लोग तरसने लगे हैं। पानी की समस्या दूर करने को सत्ताधारी पार्षदों की ही निगम में सुनवाई नहीं हो रही। सुनवाई न होने के विरोध में अकाली-भाजपा के पार्षदों ने जोन ए और बी में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में पार्षदों के इलाका निवासियों ने उनका समर्थन किया।
जोन ए में वार्ड-15 के अकाली पार्षद सुखदेव सिंह गिल ने डेरा जमाया। उनके साथ आए राजू ने बताया पिछले दो महीनों से कीर्ति नगर में पानी की सप्लाई ठीक तरीके से नहीं हो रही। सप्लाई न होने का कारण पूछने पर तर्क दिया जाता है, ट्यूबवेल की मोटर जल गई है। एक महीने में चार बार मोटर जलना हैरानी की बात है। राजू के मुताबिक उनके क्षेत्र में टैंकर से पानी की सप्लाई दी जा रही है।
इलाका निवासी इस पानी का इस्तेमाल नहाने या कपड़े आदि धोने में करते हैं। दो रोज पहले 18 वर्षीय मुन्नी को यह पानी पीने से उल्टी-दस्त हो गए थे। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां उसने दम तोड़ दिया। नीलम रानी कहती है टैंकर से पानी बाल्टियां भरते-भरते उनके हाथों में छाले पड़ गए हैं। वहीं निगम अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे।
वह लोग सुबह सात बजे से जोन ए में एक्सईएन कमलेश बांसल का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन 11 बजे तक उनका कोई अतापता नहीं था। सुनवाई न होने से पार्षद गिल ने दफ्तर में मौजूद जेई और एसडीओ रैंक के अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाई। पार्षद गिल का आरोप है जब भी वे लोगों की समस्या लेकर आते है, तो अफसर मिलते ही नहीं।
उधर, जोन ए में भाजपा नेता एवं पार्षद पति हरबंस लाल फैंटा ने निगम अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। फैंटा का कहना है उसके क्षेत्र में छह महीनों से स्वच्छ जल की सप्लाई नहीं हो रही। अधिकारियों से शिकायतें कर-कर वे थक गए हैं। अधिकारियों ने उनकी समस्या का समाधान जल्द करवाने का आश्वासन दे धरने खत्म करवाए।
उधर, बिजली-पानी न मिलने के विरोध में ब्लाक-7 यूथ कांग्रेस और राहुल गांधी यूथ फेडरेशन ने चीमा चौक में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व राजकुमार हैपी और शिव यादव कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों का कहना था 24 घंटे बिजली देने का दावा करने वाली राज्य सरकार 14 घंटे ही बिजली दे पा रही है। बिजली बंद होने पर पानी सप्लाई भी बंद हो जाती है। इस मौके पर गुरदीप सिंह चावला, जगमोहन जग्गा, नरेंद्र कुमार, धनी राम, जितेंद्र कुमार आदि मौजूद थे।
भास्कर न्यूज Tuesday, July 07, 2009 04:31 [IST]
Subscribe to:
Post Comments (Atom)


No comments:
Post a Comment
www.jantakiawaz.com