Bhaskar News Wednesday, July 08, 2009 07:26 [IST]
सीकर. भीषण गर्मी में अंधाधुंध बिजली कटौती से जूझ रहे लोगों का सब्र मंगलवार को टूट गया। महरोली, खाटूश्याम और दिवराला के आक्रोशित लोग बिजली कटौती से आजिज होकर सड़कों पर उतर आए। रींगस अन्तर्गत महरोली गांव के लोगों ने पावर हाउस पहुंचकर बिजली अधिकारियों से मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए।
ग्रामीण सात घंटे तक पावर हाउस का घेराव किए रहे। वहीं, खाटूश्यामजी में बिजली कटौती के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोगों पर पुलिस ने लाठियां भांजी और तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। श्रीमाधोपुर के दिवराला गांव के लोगों ने भी बिजली की मांग करते हुए पांच घंटे तक मार्ग जाम रखा।
महरोली. बिजली कटौती से नाराज सैकड़ों ग्रामीण मंगलवार सुबह करीब नौ बजे पावर हाउस पहुंचे। अघोषित कटौती से आजिज ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। ग्रामीण पावर हाउस के बाहर धरना देकर बैठ गए। आरोप है कि समझाने आए अधिशासी अधिकारी, रींगस बीएम भामू और जेपी जेकवाल के साथ कुछ ग्रामीणों ने अभद्रता और मारपीट शुरू कर दी।
आक्रोशित लोगों ने दोनों अधिकारियों के कपड़े भी फाड़ दिए। सात घंटे तक ग्रामीणों ने पावर हाउस का घेराव किए रखा। घटना की सूचना मिलने पर उपखंड अधिकारी और थाना प्रभारी सुरेंद्र शर्मा भी मय फोर्स मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों के गुस्से को देखते हुए अधिकारियों व ग्रामीणों में करीब आधे घंटे तक वार्ता चली।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को सुबह व शाम चार-चार घंटे तथा दोपहर को एक बजे से शाम चार बजे तक बिजली सप्लाई का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण वहां से हटे। उधर, मारपीट के संबंध में अधिशासी अधिकारी बीएम भामू व जेपी जेकवाल ने गांव के भंवर सिंह, गजेंद्र सिंह, भवानी सिंह, गंगासिंह समेत अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट कर कपड़े फाड़ने और राजकार्य में बाधा डालने का मामला थाने में दर्ज कराया है। थानाधिकारी ने बताया कि मामले की जांच कर रहे हैं।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)


No comments:
Post a Comment
www.jantakiawaz.com