Subscribe

RSS Feed (xml)



Powered By

Skin Design:
Free Blogger Skins

Powered by Blogger

Friday, July 10, 2009

बच्चों से रुकवाएंगे बढ़ती आबादी!

Bhaskar नगर संवाददाता Friday, July 10, 2009 04:58 [IST]
श्रीगंगानगर. राज्य सरकार अब बच्चों की रैलियों व नारों के जरिए बढ़ती जनसंख्या को नियंत्रित करेगी। सरकार के इन आदेशों को लेकर स्थानीय अधिकारी असमंजस में हैं कि आखिर तपती गर्मी में बच्चों के हाथों में नारे लिखे तख्तियां पकड़ा कर भला जनसंख्या कैसे नियंत्रित की जा सकेगी। अधिकारियों ने ही सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं कि क्या जनसंख्या नियंत्रण के सभी आधुनिक उपाय विफल हो गए हैं। और, अगर नहीं तो फिर रैलियों व नारों की जरूरत क्यों पड़ी।
फिर भी, विभाग ने 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस के मौके पर जिला मुख्यालय से ग्राम स्तर तक रैलियां निकालने तथा बच्चों के बीच निबंध व नारे लेखन प्रतियोगिताएं करवाने संबंधी सरकारी फरमानों को पूरा करने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। सूत्रों के अनुसार राज्य सरकार ने कहा है कि विश्व जनसंख्या दिवस पर जिलेभर में जनसंख्या पखवाड़ा मनाया जाएगा, जो 11 से 26 जुलाई तक चलेगा।
इस दौरान जिला, उपखंड व ग्राम पंचायत मुख्यालय पर रैलियां निकाली जाएंगी, जिसमें तख्तियों व बैनर पर जनसंख्या के दुष्परिणामों की जानकारी दी जाएगी। इसी तरह बढ़ती आबादी के दुष्प्रभावों की जानकारी देने के लिए स्कूली बच्चों में जिला, खंड व ग्राम स्तर पर निबंध व नारा लेखन प्रतियोगिता करवाई जाएगी, साथ ही जिलेभर में विशाल पुरुष नसबंदी शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें कंडोम व जनसंख्या नियंत्रण के अन्य साधन भी वितरित होंगे।
सीएम ने लिखा पत्र
सीएम अशोक गहलोत ने भी हर सांसद, मंत्री, विधायक, जिला प्रमुख, प्रधान व सरपंच को जनसंख्या नियंत्रण के लिए पत्र लिखा है। इन सभी से जनसंख्या नियंत्रित करने में सहयोग मांगा गया है। इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री ने भी अपील जारी की है।
श्रीगंगानगर में महिलाएं ही फिक्रमंद
जनसंख्या नियंत्रण में पुरुष भले ही बड़े-बड़े दावे करें लेकिन श्रीगंगानगर में इसके नियंत्रण का दारोमदार महिलाओं ने ही उठा रखा है। तभी तो नसबंदी करवाने में सबसे आगे महिलाएं ही रहती हैं। स्वास्थ्य विभाग के आधिकारिक सूत्रों की मानें तो इस साल विभाग ने 14 हजार 866 नसबंदी का लक्ष्य दिया है, जिनमें अभी तक 3716 नसबंदी हुई हैं। इनमें 371 पुरुष व 3345 महिलाएं शामिल हैं।
बच्चें की आएगी शामत
जनसंख्या दिवस पर शनिवार को एक बार फिर रैली के नाम पर स्कूली बच्चों की ही शामत आएगी। तेज धूप के बीच स्कूली बच्चों को सुखाड़िया सर्किल से हाथों में तख्तियां लिए व नारे लगाते हुए सीएमएचओ कार्यालय तक लाया जाएगा।
रैली प्रस्तावित
जनसंख्या दिवस पर सरकार के निर्देशानुसार रैली निकाली जाएगी। यह रैली सुखाड़िया सर्किल से निकालना प्रस्तावित है। - डा. सरोज गुप्ता, परिवार कल्याण प्रभारी, श्रीगंगानगर

No comments:

Post a Comment

www.jantakiawaz.com